नई दिल्ली। संजय अरोड़ा को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। 1988 बैच के तमिलनाडु काडर के IPS संजय अरोड़ा अभी ITBP में DG हैं। वे राकेश अस्थाना का स्थान लेंगे। संजय अरोड़ा 1 अगस्त को पदभार संभालेंगे। इस संबंध में रविवार को गृह मंत्रालय की तरफ से एक आदेश जारी किया गया है। बता दें कि राकेश अस्थाना पिछले साल जुलाई के महीने में दिल्ली पुलिस के मुखिया बने थे। रविवार यानी 31 जुलाई को राकेश अस्थाना अपने पद से रिटायर हो रहे हैं।
गृह मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि संजय अरोड़ा 1 अगस्त को राकेश अस्थाना की जगह लेंगे। संजय अरोड़ा दिल्ली पुलिस के 25वें कमिश्नर होंगे। गृह मंत्रालय की तरफ से आदेश जारी होने से कुछ समय पूर्व दिल्ली पुलिस के अफसर राकेश अस्थाना के फेयरवेल की तैयारियों में जुट गए थे। शाम 4 बजे किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन में उनका फेयरवेल परेड होगा।
संजय अरोड़ा ने 2002 से 2004 तक कोयंबटूर सिटी के पुलिस कमिश्नर के रूप में भी कार्यभार संभाला था। इसके बाद उन्होंने पुलिस उप महानिरीक्षक, विल्लुपुरम रेंज के रूप में जिम्मा संभाला। संजय अरोड़ा ने IG (स्पेशल ऑपरेशंस) बीएसएफ, IG छत्तीसगढ़ सेक्टर सीआरपीएफ और IG ऑपरेशंस सीआरपीएफ के रूप में काम किया है।
कई अहम पुरस्कारों से सम्मानित किये जा चुके संजय अरोड़ा जब तमिलनाडु में टास्क फोर्स के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे तब उन्होंने कुख्यात चंदन तस्कर वीरप्पन गिरोह के खिलाफ अहम कार्रवाई की थी।