कोलंबो। श्रीलंका इन दिनों एतिहासिक आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यहां के राष्ट्रपति भवन पर जनता ने कब्जा जमा लिया है। इस बीच खबर है कि राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे आज सुबह कोलंबो से मालदीव भाग निकले हैं। वायुसेना के विशेष विमान से वह अपनी पत्नी व दो अंगरक्षकों के साथ मुल्क से फरार हो गए हैं। आज गोतबाया को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा भी देना था। राष्ट्रपति के देश छोड़ने की खबरों से प्रदर्शनकारी फिर से भड़क गए हैं।
कोलंबों की सड़कों पर सुरक्षाबल और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए हैं। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने संसद व प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंच गए हैं। सेना व प्रदर्शनकारी आमने-सामने हैं। इस बीच श्रीलंका में आपातकाल लागू कर दिया गया है। इस बीच श्रीलंका में हालात बेकाबू हो गए हैं। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री आवास की दीवार पर चढ़ गए हैं। उन्हें रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी आंसू गैस के गोले दाग रहे हैं। उग्र हुए लोगों पर हेलिकॉप्टर से नजर रखी जा रही है। लोगों के प्रदर्शन के बीच राष्ट्रपति गोटाबाया ने पीएम रानिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति चुनाव है। इस चुनाव से लोग नाराज हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब खुद राष्ट्रपति देश छोड़कर भाग गए हैं तो वे कार्यवाहक राष्ट्रपति का चुनाव कैसे कर सकते हैं।
श्रीलंका में आपातकाल लागू
राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के देश छोड़कर भागने के बाद देश में स्थिति बिगड़ती ही जा रही है। प्रदर्शनकारी संसद और पीएम कार्यालय तक पहुंए गए हैं। बड़ी संख्या में सेना के जवानों को तैनात किया गया है। इस बीच देश में एक बार फिर से आपातकाल लागू कर दिया गया है।
राष्ट्रीय चैनल का प्रसारण बंद
श्रीलंका में राष्ट्रीय टीवी चैनल रूपवाहिनी कॉरपोरेशन का प्रसारण बंद हो गया है। बताया जा रहा है कोलंबो में टीवी चैनल के दफ्तर को प्रदर्शनकारियों ने चारों तरफ से घेर लिया है। ऐसे में चैनल ने प्रसारण बंद करने का फैसला किया है।
प्रदर्शनकारियों पर दागे जा रहे आंसू गैस के गोले
श्रीलंका में हालात बेकाबू हो गए हैं। देश का भविष्य अधर में लटक गया है। इस बीच प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बड़ी संख्या में पुलिस और सेना के जवानों को तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों पर लगातार आंसू गैस के गोले दागे जा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हवाई फायरिंग
कोलंबो में प्रधानमंत्री आवास के बाहर इकट्ठा हजारों प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आवास के बाहर गोली चलने की आवाजें सुनी गई हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायरिंग की है।
आसमान से की जा रही प्रदर्शनकारियों की निगरानी
श्रीलंका में सड़कों पर हालात बेकाबू हो चुके हैं। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री आवास के बाहर जमा हैं। ऐसे में उन पर हेलीकॉप्टर के जरिए नजर रखी जा रही है। वायु सेना के हेलीकॉप्टर पीएम आवास व संसद के आसपास चक्कर लगा रहे हैं।
अमेरिकी दूतावास ने 2 दिनों के लिए अपनी सेवाएं बंद की
अमेरिकी दूतावास ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में राजनैतिक और आर्थिक संकट को देखते हुए एहतिहात के तौर पर अपनी सेवाएं अगले दो दिन के लिए बंद कर दी हैं।