कराची। दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की SG-11 फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग की गई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि स्पाइसजेट B737 की फ्लाइट नंबर SG-11 दिल्ली से दुबई जा रही थी। इस दौरान विमान के इंडिकेटर में खराबी का पता चला। इसके बाद फ्लाइट को कराची डायवर्ट किया गया। प्रवक्ता ने आगे कहा कि लैंडिंग के दौरान कोई आपात स्थिति घोषित नहीं की गई और विमान की सामान्य लैंडिंग हुई। यात्रियों को सहज करने के लिए जलपान कराया गया है। एक दूसरा विमान कराची भेजा जा रहा है जो यात्रियों को दुबई ले जाएगा। प्रवक्ता ने कहा कि विमान में कुल 150 यात्री सवार थे।
फ्यूल लीक का भी दावा : डीजीसीए
पिछले 17 दिनों में स्पाइसजेट के विमान में इस तरह की यह छठी घटना है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) सभी छह घटनाओं की जांच कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली से दुबई जा रहे बोइंग 737 मैक्स विमान ने अपने बाएं टैंक से ईंधन की मात्रा में असामान्य कमी दिखाना शुरू कर दिया था, जब वह हवा में था। इसलिए, विमान को कराची की ओर मोड़ दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जब कराची हवाई अड्डे पर निरीक्षण किया गया, तो बाएं टैंक से कोई दृश्य रिसाव नहीं देखा गया।
स्पाइसजेट ने जारी किया बयान
स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा, 5 जुलाई, 2022 को स्पाइसजेट बी737 विमान संचालन उड़ान एसजी-11 (दिल्ली-दुबई) को एक संकेतक लाइट खराब होने के कारण कराची की ओर मोड़ दिया गया था। विमान कराची में सुरक्षित उतर गया और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट से उठने लगा था धुंआ
दो हफ्ते में स्पाइसजेट की किसी फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिग की ये चौथी घटना है। इससे पहले शनिवार (2 जुलाई) को दिल्ली से जबलपुर जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट नंबर SG-2962 की दिल्ली में लैंडिंग कराई गई थी। दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट के केबिन में जब धुआं दिखा, तब प्लेन 5 हजार फीट की ऊंचाई पर था। इस फ्लाइट ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 6:15 पर उड़ान भरी थी। कुछ मिनिट एयरक्राफ्ट में धुआं भरने लगा।
पटना में भी हुई थी इसी तरह की घटना
19 जून को पटना में भी स्पाइसजेट के विमान की लेफ्ट विंग में टेकऑफ के वक्त चिंगारी निकलने लगीं थीं। इसके बाद पटना में ही इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। शुरुआती जांच में बर्ड हिट का मामला सामने आया था। विमान में 185 यात्री सवार थे। 19 जून को ही दिल्ली से गुवाहाटी जा रहे स्पाइसजेट के विमान में तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली में ही लैंडिग कराई गई थी। इस विमान में 165 यात्री सवार थे।