नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड (National Herald) अखबार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय(ED) 21 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ की। दो घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने सोनिया गांधी के अनुरोध पर आज का सत्र खत्म कर दिया, कांग्रेस नेता हाल ही में कोविड से उबरी हैं। ईडी ने अब 25 जुलाई को फिर से बुलाया है। फिलहाल ईडी ने कोई नया समन जारी नहीं किया है। वहीं इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी का देशव्यापी प्रदर्शन किया। असम में सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी जांच के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प जैसी स्थिति पैदा हो गई।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ के लिए सुबह के वक्त ईडी के दफ्तर पहुंची थी। उनके साथ उनकी बेटी और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंची थी। सोनिया गांधी अपने साथ दवाएं लेकर गई थीं। पूछताछ के दौरान प्रियंका और सोनिया गांधी एक ही कमरे में मौजूद थीं।
मोनिका शर्मा के पास पूछताछ की कमान
सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी से पूछताछ की कमान महिला अफसर मोनिका शर्मा को सौंपी गई है। वह ईडी में अडिशनल डायरेक्टर के पद पर हैं। 75 वर्षीय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को देखते हुए दफ्तर में एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी। सोनिया गांधी के स्वास्थ्य कारणों के चलते प्रियंका गांधी को भी दफ्तर में रहने की इजाजत दी गई थी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार को किया आग के हवाले
नेशनल हेराल्ड केस में ईडी द्वारा सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को ED द्वारा समन किये जाने पर बेंगलुरु में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एक कार को आग के हवाले कर दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, 75 सांसद हिरासत में
नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी कि अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की जांच का विरोध कर रहे 75 सांसदों को हिरासत में लिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। विरोध करने वाले कई बड़े नेताओं में अशोक गहलोत, शशि थरूर और सचिन पायलट का नाम शामिल है।
सोनिया वही महिला जिन्होंने अपनी सास और पति को खोया: सीएम गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी वह महिला है जिनकी सास और पति देश के लिए शहीद हो गए। सरकार को इतनी शर्म नहीं आती है कि आप किसके साथ किस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। ED वाले उनके घर जाकर बयान ले सकते थे, कई बार ऐसा किया गया है कि ED घर जाकर बयान लेती है। गहलोत ने आगे कहा कि सोनिया गांधी जी को जैसे बुलाया गया वो बेहतर हो सकता था। हम जानते हैं और मानते हैं कि कानून सबके लिए बराबर है। इनके शासन में कानून सबके लिए समान नहीं है। लेकिन जो भाजपा में है उसके लिए कानून बदल जाता है। इन्होनें देश में दो कानून बनाया है विपक्ष के लिए अलग और पक्ष के लिए अलग।
लोकतंत्र को कुचला जा रहा है: सचिन पायलट
सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की जांच का विरोध करने पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि देश में एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। लोकतंत्र में विरोध करना हमारा अधिकार है, लेकिन इसे कुचला भी जा रहा है।
केंद्र सरकार दिखाना चाहती है कि वह कितना पावरफुल है: खड़गे
वहीं कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 65 साल से ऊपर के जितने भी वरिष्ठ नागरिक होते हैं उनके घर पर जाकर पूछताछ करते हैं, लेकिन यहां पर तो सब चीजें वे तोड़ रहे हैं। वे दिखाना चाहते हैं कि वे कितने पावरफुल हैं। उन्होंने कहा कि हम हर मुद्दा उठाएंगे। अब तो हम मंहगाई का मुद्दा उठाए तो उसके लिए भी वे चर्चा के लिए तैयार नहीं हैं। ED-CBI का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है उसके लिए भी वे तैयार नहीं हैं। वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पिठ्ठू ED, डरपोक CBI और IT ही अब मोदी सरकार का चाल, चेहरा और चरित्र बन गए हैं। प्रतिशोध की राजनीति में धधकते हुए प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार ना कांग्रेस को ना प्रजातंत्र को डरा पाई है ना डरा पाएगी। हम ना दबेगें ना झुकेंगे केवल आगे बढ़ेगें। प्रजातंत्र के प्रहरी नेशनल हेराल्ड स्वतंत्रता संग्राम का चिन्ह है। ये सच की लड़ाई है ये जीतेगी। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि ईडी की झूठी पूछताछ से आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता इससे रुष्ट है। भाजपा मोदी जी को कितना बचाते हैं जब वे मोदी जी के लिए ये कर सकते हैं तो हम सोनिया गांधी के लिए नहीं कर सकते हैं। मोदी जी अभी 8-10 साल से देश में दिखे हैं, सोनिया गांधी का परिवार कबसे इस देश की सेवा करते आ रहा है।