राजधानी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सोमवार को तेज आंधी के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं अंधड़ कई जगहों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर जाने से ट्रैफिक भी बाधित हुआ। तेज अंधड़ से दो लोगों की मौत हो गई। सोमवार को बारिश के साथ-साथ कई इलाकों में ओले भी गिरे। तेज हवाओं के चलते कई फ्लाइट्स की टाइमिंग पर असर पड़ा है। हवा के झोंके इतने तेज थे कि सड़कों पर खड़ी कारें हिलतीं नजर आईं।
लाल किले के पास अंगूरीबाग इलाके में बारिश के कारण एक 65 साल के व्यक्ति के ऊपर पेड़ गिरने से मौत हो गई। वहीं जामा मस्जिद के पास एक 50 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। उनके ऊपर बालकनी का एक हिस्सा आ गिरा था। मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति 100 किमी प्रति घंटे तक रही।
राजधानी में बारिश-ओलावृष्टि के कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम हो गया। फ्लाइट्स पर भी इसका असर पड़ा। राजधानी में बारिश-ओलावृष्टि के कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम रहा।
बारिश से तापमान में हुई 15 डिग्री की गिरावट
दिल्ली में बारिश के चलते कई सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। कई जगहों पर भीषण जाम लग गया। हालांकि, बारिश से राजधानी के लोगों को थोड़ी राहत भी मिली। शाम 4.20 बजे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस था जो शाम 5.40 बजे गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पालम एयरपोर्ट और सफदरजंग में 13 डिग्री की गिरावट हुई। आज सुबह इन इलाकों में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था, जो अब 27 डिग्री हो गया।