लखनऊ। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार को निधन (Sadhna Gupta Death) हो गया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। पति मुलायम सिंह भी आज कुछ देर पहले उन्हें देखने पहुंचे थे। साधना गुप्ता और मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) से एक पुत्र प्रतीक यादव हैं। प्रतीक राजनीति से दूर रहते हैं। साधना गुप्ता काफी समय से बीमार चल रही थीं। उन्हें फेफड़े में संक्रमण की शिकायत के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुलायम सिंह यादव भी पिछले दिनों स्वास्थ्य खराब होने के बाद मेदांता में भर्ती कराए गए थे।
मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता को कुछ दिन पहले बुखार आई थी। इसके बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण बढ़ा था। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को दोपहर बाद उनकी तबियत अचानक बिगड़नी शुरू हो गई। उनकी स्थिति गंभीर बताई जाने लगी। इसकी जानकारी मुलायम सिंह यादव को भी दी गई। वे अपनी पत्नी को देखने अस्पताल पहुंचे थे। इसके कुछ देर बाद उनके निधन की सूचना आई।
राजनीति में सक्रिय रही थीं साधना
बता दें कि साल 2003 में मुलायम सिंह की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का निधन हो गया था। जिसके कुछ दिन बाद सपा नेता ने खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था। साधना गुप्ता समाजवादी पार्टी की राजनीति में काफी सक्रिय रही थीं। हालांकि, मुलायम सिंह यादव से विवाह होने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति छोड़ दी। वे औरैया जिले के बिधूना की रहने वाली थीं। साधना गुप्ता का परिवार राजनीति में सक्रि था। उनके भाई प्रमोद कुमार गुप्ता समाजवादी पार्टी में सक्रिय थे और वे 16वीं विधानसभा में विधायक रह चुके हैं। यूपी चुनाव के समय उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली थी।