नई दिल्ली। भारत में मंकीपॉक्स वायरस तेजी से पांव पसारने लगा है। दिल्ली में एक और नया मामला सामने आने के बाद से सरकार की चिंता बढ़ गई है। केरल के बाद मंगलवार को दिल्ली में भी मंकीपॉक्स का एक मामला सामने आया है। मरीज नाइजीरिया का है, लेकिन दिल्ली में ही रहता है। इसके बाद देश में मंकीपॉक्स के मरीजों की संख्या 7 पहुंच चुकी है। इनमें दिल्ली में तीन और केरल में पांच मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। वहीं, केंद्र ने बढ़ते मामलों के बीच एक टास्क फोर्स का गठन किया है।
UAE से केरल आया मरीज
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि मलप्पुरम में एक और 30 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण पाया गया है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि संक्रमित व्यक्ति 27 जुलाई को UAE से केरल पहुंचा था और लक्षण पाए जाने के बाद उसे आइसोलेट कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि मरीज की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर है। उसके माता-पिता सहित उसके निकट संपर्क में रहने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मंत्री ने बताया कि बाकी के तीन मरीजों में से एक पूरी तरह ठीक हो चुका है। दूसरों की हालत में भी सुधार है। उधर, दिल्ली में भी दो मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक व्यक्ति अफ्रीका से लौटा था। वहीं, एक 35 साल का व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया है। यह व्यक्ति नाइजीरिया का है और भारत में ही रहता है, लेकिन संक्रमित पाए जाने से कुछ दिन पहले मनाली घूमकर आया था।
यह भी पढ़ें :- Monkeypox : जिनको लगा है ये टीका उनको मंकीपॉक्स से खतरा कम! क्या आपने लगवाया?
देश में मंकीपॉक्स से पहली मौत
दरअसल, शनिवार को केरल के त्रिशूर में एक 22 साल के व्यक्ति की मौत हो गई थी। मृतक में मंकीपॉक्स के लक्षण पाए गए थे और वह हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा कर भारत लौटा था। युवक की रिपोर्ट संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में ही मंकीपॉक्स पॉजिटिव आई थी। हालांकि केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि युवक की मौत के कारणों की जांच की जाएगी। उसके नमूनों की रिपोर्ट अब तक आई नहीं है। उन्होंने कहा कि मरीज नौजवान था और उसमें बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी कोई दूसरी दिक्कत नहीं थी।
यह भी पढ़ें :- Monkeypox Suspect Dies In Kerala : भारत में मंकीपॉक्स से पहली मौत! दिल्ली से केरल तक ठीक हुए मरीज
ये हैं मंकीपॉक्स के लक्षण
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, मंकीपॉक्स के लक्षण 6 से 13 दिन के अंदर दिखाई देने लगते हैं। हालांकि कई बार 5 से 21 दिन का समय भी ले सकता है। संक्रमित होने पर अगले 5 दिन के अंदर बुखार, सिरदर्द, थकान और पीठ में दर्द जैसे लक्षण दिखते हैं। बुखार होने के तीन दिन के अंदर त्वचा पर दाने आने लगते हैं। मंकीपॉक्स भले कोरोना जैसे फैल रहा है लेकिन ये कोविड जितना घातक नहीं है। मंकीपॉक्स के लक्षण नजर आएं तो घबराएं नहीं। लक्षणों से मंकीपॉक्स की स्थिति को समझते हुए इलाज कराएं।
यह भी पढ़ें :- Monkeypox Transmission Sexual Connection : दिल्ली आ चुके मंकीपॉक्स का SEX से कनेक्शन! जानिए डॉक्टरों की सलाह
दुनिया में मंकीपॉक्स के मामले 22,800 के पार
monkeypoxmeter.com के डेटा की मानें तो दुनिया में मंकीपॉक्स के मामलों की कुल संख्या 22,802 हो गई है। यह बीमारी अब तक 88 देशों में फैल चुकी है। साथ ही इससे अफ्रीका में पांच, स्पेन में दो, ब्राजील में एक और भारत में एक मौत हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे वर्ल्ड हेल्थ इमरजेंसी भी घोषित कर दिया है।