महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने अपने 6 बच्चों को एक एक करके कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चों में 5 लड़कियां शामिल हैं। यह घटना सोमवार को मुंबई से करीब 100 किलोमीटर दूर महाड तालुक के खारावली गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक, महिला की उम्र 30 साल है। बताया जा रहा है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला की पिटाई की थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
मरने वाले सभी बच्चों की उम्र 10 से 3 साल के बीच थी। पूछताछ में महिला ने बताया है कि सोमवार सुबह उसके ससुर ने उसकी बुरी तरह से पिटाई की थी। इस बात से नाराज महिला ने रात में अपने बच्चों को मारने का कदम उठाया।
बच्चों की उम्र 3 से 10 साल के बीच
मरने वाले बच्चों की उम्र 10 से 3 साल के बीच है। आरोपी मां का नाम रूना चिखुरी साहनी (30) है। मृतकों में रोशनी(10), करिश्मा (8), रेशमा (6), विद्या (5), शिवराज(3) और राधा (3) शामिल है। बच्चों के मरने की पुष्टि हो जाने के बाद, महिला ने भी आत्महत्या के लिए कुएं में छलांग लगाई थी, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया। वारदात की सूचना मिलते ही महाड़ के विधायक भरत गोगावले पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को गिरफ्तार करवाया।