टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मार दी गई। यह हमला नारा शहर में हुआ। शुरुआती खबरों में कहा गया है कि हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटनास्थल पर मौजूद एक रिपोर्टर ने कुछ ऐसा सुना जो बंदूक की गोली की तरह लग रहा था और उनके शरीर से खून बहते देखा गया। जापान की न्यूज एजेंसी एनएचके ने यह खबर दी है। एक अन्य मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि पश्चिमी जापान के नारा शहर में वे भाषण के दौरान गिर गए। द जापान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार भाषण के दौरान पूर्व पीएम को हमलावर ने पीछे से गोली मारी। यह हमला शुक्रवार सुबह हुआ। पुलिस ने एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
आबे को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक गोली लगने के बाद शिंजो आबे को दिल का दौरा भी पड़ गया। आबे के अचानक गिरने से वहां मौजूद लोगों को कुछ समझ नहीं आया। इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां गोली चलने जैसी आवाज सुनी थी। एनएचके वर्ल्ड न्यूज के अनुसार आबे को दिल का दौरा भी पड़ा। उन्हें काशीहारा के नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया।
हमलावर को गिरफ्तार किया गया
पुलिस ने मौके पर 42 साल के हमलावर यामागामी तेत्सुया को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गन बरामद हुई है। जापानी मीडिया के मुताबिक, हमलावर ने हैंडमेड गन का इस्तेमाल किया। वो मेरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स का मेंबर था। हालांकि अब तक हमले की वजह का पता नहीं चल पाया है। आशंका है कि इसी बंदूक से हमलावर ने गोली दागी।
चुनाव प्रचार कर रहे थे
जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। आबे नारा शहर में चुनाव प्रचार के तहत सभा कर रहे थे। हमले के बाद घटनास्थल के कुछ वीडियो भी वायरल हुए हैं। इसमें मौके पर अफरातफरी की स्थिति दिखाई दे रही है।
मोदी के खास दोस्त हैं आबे, पद्म विभूषण से नवाजा गया
मोदी के साथ आबे के अच्छे संबंध रहे। उनकी गुजरात और बनारस यात्रा काफी चर्चित रही। 25 जनवरी 2021 को भारत ने आबे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।