नई दिल्ली। देश में कोरोना के 20,408 नए केस मिले हैं, जबकि 44 लोगों की मौत हुई है। वहीं, एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में मामूली कमी आई है। देश में एक्टिव केस का आंकड़ा 1 लाख 43 हजार 384 है। बीते दिन कोरोना से 20,958 लोग रिकवर भी हुए हैं। इधर, हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शुक्रवार को मंकीपॉक्स का एक संदिग्ध मिला है। जांच के लिए सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजा गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बद्दी इलाके के रहने वाले शख्स में 21 दिन पहले संक्रमण के लक्षण दिखे थे। फिलहाल वह ठीक है और आइसोलेशन में है। वहीं आसपास के इलाकों में निगरानी रखी जा रही है। देश में अब तक मंकीपॉक्स के चार मरीज मिले हैं। इनमें 3 तीन केरल के जबकि 1 दिल्ली का है।
हिमाचल में मास्क पहनना अनिवार्य
वहीं हिमाचल में कोरोना के बढ़ते मामलों और मंकीपॉक्स का संदिग्ध मिलने पर सभी शैक्षणिक संस्थानों और कार्यालयों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में शुक्रवार को आदेश भी जारी कर दिए। इसके अलावा भीड़ वाली जगह पर भी मास्क पहनना जरूरी होगा। राज्य में बीते दिन 930 नए केस मिले थे और 1 मरीज की मौत हुई थी।
बीते 24 घंटे में बंगाल और महाराष्ट्र में छह-छह मौतें
पिछले 24 घंटों में हुई 44 मौतों में से सर्वाधिक महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में छह-छह मौतें हुईं। इनके अलावा हरियाणा और कर्नाटक में चार-चार, गुजरात, उत्तर प्रदेश और पंजाब में तीन-तीन, बिहार, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में दो-दो, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, गोवा, ओडिशा, केरल और सिक्किम में एक—एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई है।
देश में अब तक कोरोना से 5 लाख से अधिक मौतें
देश में कोरोना महामारी की शुरुआत से अब तक 4,40,00138 संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि 5 लाख 26 हजार 312 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 4,33,30,442 पहुंच गई है।
महाराष्ट्र में अब तक सर्वाधिक 1,48,097 मौतें
देश में अब तक हुई कुल 5,26,312 मौतों में से महाराष्ट्र में सर्वाधिक 1,48,097 मौतें हुईं। केरल में 70,451, कर्नाटक में 40,143, तमिलनाडु में 38,032, दिल्ली में 26,308, उत्तर प्रदेश में 23,565 और पश्चिम बंगाल में 21,352 लोगों की मौत हुई है।