नई दिल्ली। कहते है प्यार में इंसान किसी भी हद तक जा सकता है। कुछ ऐसा ही मामला हाल ही में सामने आया है, जहां एक प्रेमिका ने सबको चैंका दिया है। एक लड़की ने प्यार से मिलने के लिए बांग्लादेश से भारत पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक, लड़की भारत में अपने प्रेमी से मिलने जानवरों से भरे सुंदरबन डेल्टा को पार करके पश्चिम बंगाल आ गईं। लड़की ने शादी भी कर ली, लेकिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उन्हें वापस बांग्लादेश भेजने की तैयारी कर रही है। इस लड़की की पहचान 22 वर्षीय कृष्णा मंडल के रूप में की गई है। जिसे पुलिस ने अवैध रूप में देश में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है फेसबुक पर कृष्णा की मुलाकात अभिक मंडल से हुई थी। दोनों में बातचीत शुरू हो गई और दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन, कृष्णा को अभिक की जुदाई बर्दाश्त नहीं हो पाई और उससे मिलने के लिए भारत पहुंच गई। भारत पहुंचने के लिए उसने जो किया उससे सब हैरान रह गए। कृष्णा सुंदरबन के जंगलों को पार करते हुए और नदी में तैरकर भारत पहुंची। क्योंकि, उसके पास वैध पासपोर्ट नहीं था।
लड़की ने अपने प्यार के लिए उठाया ऐसा कदम
बांग्लादेश से आई लड़की ने अपने प्रेमी के साथ कोलकाता के कालीघाट मंदिर में शादी रचाई। हालांकि, पुलिस ने कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि कृष्णा को अब बांग्लादेश उच्चायोग को सौंपा जाएगा। यह मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग सच्चाई जानकर काफी हैरान हैं। हालांकि, यह पहली बार नहीं जब किसी ने अवैध रूप से सीमा पार की हो। इससे पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं।